Nirbhik Nazar

मौसम ने रोका राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा, ‘परिवर्तन का शंखनाद’ कार्यक्रम रद्द, फोन से किया अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित

देहरादून। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा खराब मौसम के कारण रद्द हो गया। अल्मोड़ा में प्रस्तावित ‘परिवर्तन का शंखनाद’ जनसभा में शामिल होने के लिए राहुल गांधी पंतनगर पहुंचे थे, लेकिन मौसम प्रतिकूल होने के चलते उनका हेलीकॉप्टर अल्मोड़ा नहीं पहुंच सका और उसे वापस पंतनगर लौटना पड़ा।

हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद राहुल गांधी ने फोन के माध्यम से अल्मोड़ा में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। काफी देर तक मौसम सामान्य होने का इंतजार किया गया, लेकिन परिस्थितियां अनुकूल न होने पर उनका पूरा उत्तराखंड दौरा निरस्त कर दिया गया। इसके बाद वह पंतनगर से दिल्ली रवाना हो गए।

दिल्ली लौटने से पहले राहुल गांधी ने उत्तराखंड की जनता के नाम संदेश जारी करते हुए कहा कि वह प्रदेश के लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं, उम्मीदें और चिंताएं सुनना चाहते थे, लेकिन खराब मौसम के कारण यह संभव नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि पौड़ी में पूर्व सैनिकों के साथ प्रस्तावित संवाद और कोटद्वार का कार्यक्रम भी इसी वजह से स्थगित करना पड़ा।

राहुल गांधी ने भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही दोबारा उत्तराखंड आएंगे और लोगों से विस्तार से संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां हमेशा हमारी इच्छा के अनुरूप नहीं होतीं, लेकिन इससे जनता के प्रति उनका जुड़ाव कम नहीं होता।

फोन के माध्यम से जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने राज्य से जुड़े कई राजनीतिक और आर्थिक मुद्दे उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड के प्राकृतिक संसाधनों का लाभ स्थानीय लोगों के बजाय बाहरी लोग उठा रहे हैं और राज्य निर्माण के मूल उद्देश्यों को कमजोर किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को आत्मनिर्णय के अधिकार के साथ विकसित राज्य बनाने का सपना देखा गया था, लेकिन वर्तमान में राज्य को दिल्ली से संचालित किया जा रहा है। राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों, जीएसटी, विदेश नीति और कृषि क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर भी सवाल उठाए।

गौरतलब है कि राहुल गांधी का 4 और 5 जून को अल्मोड़ा, पौड़ी, कोटद्वार और देहरादून का दौरा प्रस्तावित था। अल्मोड़ा में जनसभा, पौड़ी में पूर्व सैनिक सम्मेलन, कोटद्वार में सामाजिक कार्यक्रम और देहरादून में कांग्रेस नेताओं के साथ बैठकें निर्धारित थीं, जिन्हें मौसम खराब होने के कारण स्थगित करना पड़ा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News