Skip to main content

Nirbhik Nazar

सीएम आवास में बनेगा 3-बी गार्डन, मधुमक्खियों, तितलियों और पक्षियों के लिए तैयार होगा विशेष संरक्षण क्षेत्र, CM ने वट का पौधा लगाकर किया शुभारम्भ

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास परिसर स्थित राजकीय उद्यान में विकसित किए जा रहे 3-बी गार्डन (बी-फ्रेंडली, बटरफ्लाई-फ्रेंडली एवं बर्ड-फ्रेंडली गार्डन) के निर्माण कार्य का शुभारम्भ कृष्णा वट का पौधा रोपित कर किया। यह विशेष उद्यान मधुमक्खियों, तितलियों और पक्षियों के संरक्षण एवं संवर्धन को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है।

इस गार्डन में परागण और जैव विविधता को बढ़ावा देने वाले पौधों की विभिन्न प्रजातियों का व्यापक स्तर पर रोपण किया जा रहा है। साथ ही पूरे क्षेत्र को कीटनाशकों और अन्य हानिकारक रसायनों के उपयोग से मुक्त रखा जाएगा, जिससे प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र सुरक्षित रह सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से मधुमक्खी पालन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ जैव विविधता संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी। वहीं, आमजन में पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी यह उद्यान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उद्यान में जामुन, शहतूत, सहजन, कदम्ब, कपूर, गुड़हल, अमरूद, नीम, बाँस, तुलसी, लैवेंडर, सूरजमुखी, रोजमेरी, पुदीना समेत कई प्रजातियों के पौधे लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा बांज, बुरांश, तेजपत्ता और पया जैसे हिमालयी पौधों का भी रोपण किया गया है, जो परिसर की प्राकृतिक सुंदरता को बढ़ा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने उद्यान विभाग को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री आवास परिसर और आसपास के क्षेत्रों में मधुमक्खी पालन गतिविधियों को व्यापक स्तर पर विकसित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने परिसर में चल रहे पर्यावरणीय और जैव विविधता संवर्धन कार्यों की सराहना भी की।

कार्यक्रम में सचिव शैलेश बगौली, उद्यान निदेशक डॉ. आर.के. सिंह, उद्यान प्रभारी दीपक पुरोहित और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News