Nirbhik Nazar

काशीपुर को 25.19 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, सीएम धामी ने कहा – विकास को नई रफ्तार दे रही सरकार

देहरादून/काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से काशीपुर क्षेत्र के 25.19 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार काशीपुर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर तेजी से काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने 25.19 करोड़ रुपये की लागत से तीन विकास कार्यों का शिलान्यास और दो विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि काशीपुर को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए लगभग 34 करोड़ रुपये की लागत से आठ प्रमुख चौराहों के निर्माण और सौंदर्यीकरण की योजना पर काम शुरू किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि ननकाना साहिब जाने वाले मार्ग पर स्थित स्टेडियम तिराहे को “ननकाना साहिब चौक” के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसके सौंदर्यीकरण के लिए 3.35 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप चौक के सौंदर्यीकरण के लिए 4.30 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर कर प्रथम चरण के कार्य शुरू कर दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 16.81 करोड़ रुपये की लागत से काशीपुर-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-309) के मरम्मत एवं निर्माण कार्यों का भी शिलान्यास किया गया है। इसके अलावा काशीपुर स्टेडियम में 24 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक ओपन जिम और उधम सिंह नगर विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय में 49.24 लाख रुपये की लागत से बने प्री-फैब्रिकेटेड स्ट्रक्चर का लोकार्पण किया गया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में मजबूत और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और उत्तराखंड सरकार भी सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और शहरी विकास से जुड़ी परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ा रही है।

सीएम धामी ने कहा कि काशीपुर कुमाऊं क्षेत्र का महत्वपूर्ण औद्योगिक और व्यावसायिक केंद्र है। इसे ध्यान में रखते हुए 133 एकड़ क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क विकसित किया जा रहा है, जिसमें 16 औद्योगिक इकाइयों का आवंटन किया जा चुका है। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि काशीपुर-रामनगर मार्ग को फोरलेन बनाने के लिए 494 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है। साथ ही तीन किलोमीटर लंबे मिनी बाईपास का निर्माण भी शुरू हो चुका है, जिससे शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।

उन्होंने कहा कि काशीपुर, हरिद्वार और ऋषिकेश में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक की सुविधा शुरू की गई है। इसके अलावा काशीपुर के ड्रेनेज सिस्टम और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मास्टर प्लान पर कार्य चल रहा है। लगभग 1950 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल, सीवरेज, सड़क सुधार और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसी परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार “नो पेंडेंसी” के सिद्धांत पर काम कर रही है। सरकार केवल योजनाओं का शिलान्यास ही नहीं कर रही, बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कर जनता को समर्पित भी कर रही है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News