Nirbhik Nazar

चुनाव से पहले संगठन साधने में जुटी भाजपा, धामी सरकार ने  6 नेताओं को फिर सौंपा दायित्व

देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की आहट के बीच धामी सरकार ने दायित्वधारियों की लगातार तीसरी सूची जारी कर दी है। सरकार ने विभिन्न आयोगों, बोर्डों और सलाहकार समितियों में छह नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपते हुए संगठन और शासन के बीच समन्वय को और मजबूत करने का संकेत दिया है।

शुक्रवार देर शाम जारी आदेशों के अनुसार देहरादून निवासी ओमवीर सिंह राघव को गन्ना विकास सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं धीरेंद्र पंवार को मीडिया सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष बनाया गया है। भूपेंद्र कंडारी को गौ सेवा आयोग का उपाध्यक्ष, जबकि सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल रघुवीर सिंह भंडारी को आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

सरकार ने उधम सिंह नगर के वरिष्ठ नेता रणजीत सिंह नामधारी को पशु कल्याण बोर्ड का उपाध्यक्ष बनाया है। वहीं चंपावत की किरन को सीमांत क्षेत्र कार्यक्रम अनुश्रवण परिषद में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पिछले तीन दिनों में जारी हुई यह तीसरी सूची राजनीतिक दृष्टि से अहम मानी जा रही है। इससे पहले भी सरकार विभिन्न आयोगों, परिषदों और समितियों में कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंप चुकी है। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन के सक्रिय और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर पार्टी अपने राजनीतिक और सामाजिक आधार को और मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उत्तराखंड जैसे छोटे राज्य में इस प्रकार की नियुक्तियां केवल प्रशासनिक निर्णय नहीं होतीं, बल्कि इनके जरिए क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन भी साधा जाता है। ताजा सूची में गन्ना विकास, मीडिया, गौ सेवा, पशु कल्याण, आपदा प्रबंधन और सीमांत क्षेत्रों से जुड़ी संस्थाओं में नियुक्तियां कर सरकार ने अलग-अलग वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया है।

सूत्रों के अनुसार सरकार द्वारा अब तक विभिन्न आयोगों, परिषदों और समितियों में नियुक्त दायित्वधारियों की संख्या 100 के पार पहुंच चुकी है। ऐसे में आने वाले दिनों में और नामों की घोषणा होने की संभावना भी जताई जा रही है।

इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी

  • ओमवीर सिंह राघव — उपाध्यक्ष, गन्ना विकास सलाहकार समिति
  • धीरेंद्र पंवार — उपाध्यक्ष, मीडिया सलाहकार समिति
  • भूपेंद्र कंडारी — उपाध्यक्ष, गौ सेवा आयोग
  • ले. कर्नल (सेनि.) रघुवीर सिंह भंडारी — उपाध्यक्ष, आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति
  • रणजीत सिंह नामधारी — उपाध्यक्ष, पशु कल्याण बोर्ड
  • किरन — उपाध्यक्ष, सीमांत क्षेत्र कार्यक्रम अनुश्रवण परिषद

लगातार तीसरे दिन दायित्वों की सूची जारी कर धामी सरकार ने स्पष्ट संकेत दिया है कि चुनावी वर्ष में संगठन के सक्रिय चेहरों को जिम्मेदारी देने का सिलसिला अभी जारी रह सकता है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News