Skip to main content

Nirbhik Nazar

शेफ केशव नेगी गिरफ्तारी मामला: सीएम धामी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से की बात, निष्पक्ष जांच की मांग

देहरादून। दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड प्रकरण में उत्तराखंड के शेफ केशव नेगी की गिरफ्तारी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से फोन पर बातचीत कर मामले की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि दिल्ली की मुख्यमंत्री के साथ उनकी बातचीत सकारात्मक रही। उन्होंने आश्वासन दिया है कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और पूरे मामले की जांच केवल तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

केशव नेगी की बेटी को दिया भरोसा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शेफ केशव नेगी की बेटी कनिष्का नेगी से भी बातचीत की और परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार देशभर में रहने वाले सभी प्रवासी उत्तराखंडियों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके हितों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि दिल्ली सरकार और संबंधित जांच एजेंसियां निष्पक्ष तरीके से जांच कर सत्य को सामने लाएंगी तथा किसी भी निर्दोष व्यक्ति को फंसने नहीं दिया जाएगा।

सांसदों ने भी उठाई निष्पक्ष जांच की मांग

इस मामले में हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी भी दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से बातचीत कर पारदर्शी जांच की मांग कर चुके हैं। दोनों नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।

मालवीय नगर अग्निकांड में गई थीं 21 लोगों की जान

गौरतलब है कि 3 जून को दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में सुबह करीब आठ बजे भीषण आग लग गई थी। हादसे में बेसमेंट में फंसे 21 लोगों की धुएं और आग की चपेट में आने से मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए थे। मृतकों में अधिकांश विदेशी नागरिक बताए गए हैं। बचाव अभियान के दौरान 10 पुलिसकर्मी भी आग और धुएं की चपेट में आकर घायल हो गए थे। मामले में होटल मालिक को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और जांच जारी है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News