Nirbhik Nazar

केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने पर सीएम धामी ने दी PM मोदी को बधाई , कहा -विकसित भारत का संकल्प हो रहा साकार

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के लगातार 12 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री और देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है और देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने अपने संदेश में कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विभिन्न क्षेत्रों में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के चलते करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ों परिवारों को पक्के घर मिले हैं, जबकि बड़ी आबादी को मुफ्त राशन और आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के जरिए करोड़ों लोगों को बिना गारंटी ऋण देकर स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा मिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में देश में बुनियादी सुविधाओं का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। पेयजल आपूर्ति, मेट्रो नेटवर्क, सड़क संपर्क और शहरी अवसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है, जिससे आम नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार आया है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में लगातार आगे बढ़ता रहेगा तथा विकास की यह यात्रा नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News