Nirbhik Nazar

 CM धामी ने किया ‘मेरी योजना’ पुस्तक के ऑडियो संस्करण का शुभारंभ, कहा – जनकल्याणकारी योजनाएं अब होंगी और अधिक सुलभ

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा तैयार की गई मेरी योजना’ पुस्तक के ऑडियो क्लिप का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं को एक ही मंच पर संकलित करने से आम नागरिकों को योजनाओं की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुस्तक में केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं के साथ स्वरोजगार, कौशल विकास, शिक्षा एवं अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़ी योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया को सरल एवं सहज भाषा में प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार नवाचार किए जाएं और शासनादेश भी आमजन की समझ के अनुरूप सरल भाषा में जारी किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और विकसित भारत के संकल्प को तेजी से साकार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नई नीतियों और कानूनों ने देश की प्रगति को मजबूत आधार दिया है तथा उत्तराखंड को भी विशेष सहयोग मिला है। इसके चलते सड़क, रेल, हवाई संपर्क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत ढांचे के विकास में उल्लेखनीय प्रगति हुई है और दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास पहुंचा है।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की कार्यशैली के कारण प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और प्रति व्यक्ति आय में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, महक क्रांति योजना, एरोमा वैली, मिशन एप्पल सहित विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं के माध्यम से युवाओं और महिलाओं के लिए स्वरोजगार एवं आजीविका के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में सचिव कार्यक्रम क्रियान्वयन दीपक कुमार ने बताया कि मेरी योजना’ पुस्तक का ऑडियो संस्करण आकाशवाणी सहित अन्य रेडियो स्टेशनों पर प्रसारित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंच सके। उन्होंने बताया कि विभाग अब तक इस पुस्तक के चार संस्करण प्रकाशित कर चुका है और इसका डिजिटल संस्करण भी पहले से उपलब्ध है। इस अवसर पर महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी भी उपस्थित रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News