Skip to main content

Nirbhik Nazar

सांसद चंद्रशेखर आजाद ने की टिहरी मे हुए हत्याकांड की निंदा, CM धामी से की आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

देहरादून। टिहरी गढ़वाल जिले में 18 वर्षीय दलित युवक की कथित हत्या के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि लंबगांव थाना क्षेत्र के देवल गांव में दलित युवक केतन लाल की कथित जातीय हिंसा में हुई मौत पूरे समाज के लिए चिंताजनक और शर्मनाक है। उन्होंने इसे केवल एक हत्या नहीं, बल्कि संविधान, समानता और मानवता पर हमला बताया।

उन्होंने कहा कि यदि आज भी किसी दलित युवक को कथित तौर पर ऊंची जाति की लड़की से संबंध रखने के कारण अपनी जान गंवानी पड़ रही है, तो यह समाज में जातिवादी सोच के बने रहने का संकेत है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की।

सांसद ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मांग की कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर हत्या, आपराधिक षड्यंत्र, अपहरण, बंधक बनाने और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की सख्त धाराओं में कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर दोषियों को शीघ्र सजा दिलाने की भी मांग की।

क्या है मामला?

पुलिस के अनुसार मृतक केतन लाल की एक नाबालिग लड़की से पिछले कुछ महीनों से दोस्ती थी, जिस पर लड़की के परिजनों को आपत्ति थी। आरोप है कि लड़की के बुलाने पर केतन अपने मित्र दिवाकर डिमरी के साथ गांव पहुंचा, जहां दोनों को एक कमरे में बंद कर लाठियों से पीटा गया।

गंभीर रूप से घायल केतन को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हमले में उसका साथी दिवाकर भी घायल हुआ, जिसका उपचार जारी है।

घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध जताया।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत भी कार्रवाई शुरू कर दी है। अब तक लड़की के पिता और दादा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News