Skip to main content

Nirbhik Nazar

भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ डैमेज कंट्रोल में जुटे, कहा – पार्टी मौका दे तो चुनाव लड़ने को तैयार

हरिद्वार। भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ एक बार फिर राजनीतिक सक्रियता बढ़ाते नजर आ रहे हैं। अभिनेत्री उर्मिला सनावर से कथित दूसरी शादी और विवादित ऑडियो-वीडियो प्रकरण के बाद पार्टी से बाहर किए गए राठौड़ ने अब प्रेस वार्ता कर अपनी सफाई दी और आगामी चुनाव लड़ने की इच्छा भी जताई।

बोले- कई मामलों में कोर्ट से मिली राहत

सुरेश राठौड़ ने दावा किया कि उनके खिलाफ दर्ज कुछ मुकदमों को अदालत ने खारिज कर दिया है, जबकि हरिद्वार और डालनवाला में लंबित मामलों की जांच जारी है। उन्होंने भरोसा जताया कि जांच पूरी होने के बाद वे निर्दोष साबित होंगे।

उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी भी किसी ऑडियो या वीडियो के माध्यम से भाजपा के किसी नेता के खिलाफ बयानबाजी नहीं की।

“भाजपा मेरी मां है”

प्रेस वार्ता में सुरेश राठौड़ ने कहा कि उन्होंने पार्टी कभी नहीं छोड़ी और भाजपा उनके लिए मां के समान है। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी उन्हें अवसर देती है तो वह आगामी चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनकी किसी बात से किसी व्यक्ति या संगठन की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह इसके लिए खेद व्यक्त करते हैं।

विवाद के बाद हुई थी कार्रवाई

गौरतलब है कि सहारनपुर की अभिनेत्री उर्मिला सनावर द्वारा सार्वजनिक किए गए कथित ऑडियो-वीडियो और अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े दावों के बाद मामला काफी चर्चा में आया था। इसके बाद पुलिस और एसआईटी ने उर्मिला सनावर से कई घंटे पूछताछ की थी और वायरल सामग्री की जांच की थी।

मामले में सुरेश राठौड़ और उर्मिला सनावर के खिलाफ विभिन्न शिकायतों के आधार पर मुकदमे दर्ज किए गए थे तथा दोनों को नोटिस भी जारी किए गए थे। कुछ मामलों में उन्हें हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर राहत भी मिली थी।

चुनावी मैदान में वापसी की कोशिश

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, प्रेस वार्ता के जरिए सुरेश राठौड़ ने अपनी छवि सुधारने और भाजपा नेतृत्व के प्रति निष्ठा जताने का संदेश देने की कोशिश की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे पार्टी के साथ रहना चाहते हैं और मौका मिलने पर आगामी चुनाव में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News