Nirbhik Nazar

CM धामी ने पीएम मोदी को दिया हरिद्वार कुंभ और नंदा राजजात का न्योता…

नई दिल्ली/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की बैठक में उत्तराखंड के विकास का व्यापक रोडमैप प्रस्तुत किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित नीति आयोग के सभी सदस्यों को वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले हरिद्वार कुंभ मेला और नंदा राजजात यात्रा में शामिल होने का आमंत्रण दिया।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत-2047″ का आधार मजबूत मानव संसाधन है और इसी सोच के तहत उत्तराखंड सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और युवा सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में आंगनबाड़ी केंद्रों का आधुनिकीकरण, स्मार्ट क्लास, वर्चुअल क्लासरूम और कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है।

स्टार्टअप, एआई और नई तकनीकों पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, साइबर सिक्योरिटी, डेटा साइंस और सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में भारत के लिए अपार संभावनाएं हैं। इन्हें ध्यान में रखते हुए राज्य में देवभूमि उद्यमिता विकास योजना, स्टार्टअप प्रोत्साहन कार्यक्रम, उद्योग-अकादमिक सहयोग और आईटीआई को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित करने की पहल की गई है।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में 30 से अधिक नई नीतियों के माध्यम से कृषि, उद्योग, पर्यटन, ऊर्जा और सेवा क्षेत्र को एकीकृत कर विकास का नया मॉडल तैयार किया गया है, जिसके सकारात्मक परिणाम निवेश, रोजगार और प्रति व्यक्ति आय में दिखाई दे रहे हैं।

प्राकृतिक खेती और ग्रीन एनर्जी पर फोकस

सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती, बागवानी, औषधीय पौधों, योग एवं वेलनेस, पर्यटन और ग्रीन एनर्जी को भविष्य के विकास इंजन के रूप में विकसित कर रही है। साथ ही उत्तराखंड को नॉलेज बेस्ड इकोनॉमी, वेलनेस इकोनॉमी और सस्टेनेबल डेवलपमेंट के राष्ट्रीय मॉडल के रूप में स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

हिमालयी राज्यों के लिए विशेष नीति की मांग

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमालय, गंगा, यमुना और विशाल वन क्षेत्र पूरे देश की अमूल्य धरोहर हैं। इसलिए हिमालयी राज्यों के लिए जलवायु परिवर्तन, पारिस्थितिकी संरक्षण, आपदा प्रबंधन, कार्बन न्यूट्रैलिटी, ग्रीन एनर्जी और पर्वतीय अवसंरचना विकास जैसे विषयों पर विशेष नीति समर्थन और दीर्घकालिक वित्तीय व्यवस्था की आवश्यकता है।

सुशासन और डिजिटल नवाचार का जिक्र

बैठक में मुख्यमंत्री ने देवभूमि परिवार पहचान योजना, खनन क्षेत्र में डिजिटल निगरानी प्रणाली, भूमि उपयोग परिवर्तन की ऑनलाइन प्रक्रिया और महिला सशक्तिकरण से जुड़े सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों से शासन व्यवस्था अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनी है। उन्होंने पीरूल आधारित ऊर्जा उत्पादन को पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय रोजगार सृजन का सफल मॉडल बताया।

पीएम मोदी को दी बधाई, कुंभ और नंदा राजजात का दिया निमंत्रण

मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार 12 वर्ष के रिकॉर्ड कार्यकाल के लिए बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने देश के लोकतांत्रिक इतिहास में सर्वाधिक अवधि तक जनादेश प्राप्त कर राष्ट्रसेवा का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री सहित नीति आयोग के सभी सदस्यों को अगले वर्ष उत्तराखंड में आयोजित होने वाले हरिद्वार कुंभ मेला और नंदा राजजात यात्रा में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया।

 

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News