Nirbhik Nazar

धामी ने कहा – तुष्टिकरण नहीं, संतुष्टिकरण मोदी सरकार की पहचान, गिनाईं 12 साल की उपलब्धियां

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मोदी सरकार ने तुष्टिकरण की राजनीति को छोड़कर संतुष्टिकरण” की नीति को अपनाया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने राष्ट्रीय सुरक्षा, आधारभूत संरचना, वैश्विक प्रतिष्ठा और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।

राष्ट्रीय सुरक्षा पर बदली भारत की नीति

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज का नया भारत आतंकवाद का जवाब उसी की भाषा में और उसके घर में घुसकर देना जानता है। उन्होंने हाल के ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा नीति पहले से अधिक मजबूत, निर्णायक और प्रभावी हुई है।

इंफ्रास्ट्रक्चर में रिकॉर्ड विकास

सीएम धामी ने कहा कि एक समय देश में प्रतिदिन औसतन 11 किलोमीटर सड़कों का निर्माण होता था, जबकि आज यह आंकड़ा बढ़कर 34 किलोमीटर प्रतिदिन तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि सड़क, रेल, डिजिटल नेटवर्क और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार ने देश के विकास को नई गति दी है।

उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का जिक्र करते हुए कहा कि बस्तर जैसे इलाकों में नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है और वहां विकास की नई धारा पहुंची है।

उत्तराखंड से प्रधानमंत्री का विशेष जुड़ाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष भावनात्मक संबंध रहा है और वह अब तक 28 बार राज्य का दौरा कर चुके हैं। उनके नेतृत्व में केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण हुआ, जबकि केदारनाथ और बदरीनाथ धाम आज दिव्य और भव्य स्वरूप में देश-दुनिया के सामने नई पहचान बना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने माणा गांव को “देश का अंतिम गांव” नहीं बल्कि “पहला गांव” बताकर सीमांत क्षेत्रों के विकास की नई सोच प्रस्तुत की। इसी सोच का परिणाम है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिली है और स्थानीय महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त होकर “लखपति दीदी” बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

राहुल गांधी पर साधा निशाना

प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि मौसम पूरी तरह साफ था तो राहुल गांधी अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड क्यों नहीं पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल आरोप लगाने की राजनीति करती है, जबकि भाजपा विकास और जनविश्वास के आधार पर काम कर रही है।

भाजपा के पास जनता का विश्वास

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस विरासत की राजनीति करती है, जबकि भाजपा जनता के विश्वास के आधार पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि चारधाम परियोजना, सीमांत क्षेत्रों का विकास, डिजिटल इंडिया, गरीब कल्याण योजनाएं और आधारभूत संरचना जैसे कई ऐसे कार्य हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गति मिली और वर्षों से लंबित परियोजनाएं पूरी हुईं।

2027 चुनाव की तैयारी का संकेत

राजनीतिक दृष्टि से भी इस प्रेस वार्ता को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा ने मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को सामने रखते हुए विकास, राष्ट्रवाद और जनकल्याण के एजेंडे के साथ आगामी चुनावों की रणनीति को मजबूती देने का संदेश दिया है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News