Nirbhik Nazar

पद्मश्री जसपाल राणा के निधन से खेल जगत को बड़ा झटका, सीएम धामी ने जताया गहरा शोक

देहरादून। पद्मश्री सम्मानित और अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त निशानेबाज एवं कोच जसपाल राणा के आकस्मिक निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। 49 वर्षीय राणा के निधन को भारतीय खेल जगत और उत्तराखंड के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जसपाल राणा ने अपनी असाधारण प्रतिभा, कड़ी मेहनत और ऐतिहासिक उपलब्धियों से न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। उन्होंने निशानेबाजी के क्षेत्र में नई पहचान बनाई और अपनी उपलब्धियों से युवाओं को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि एक खिलाड़ी के साथ-साथ एक सफल प्रशिक्षक के रूप में भी जसपाल राणा का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उनके मार्गदर्शन में कई युवा निशानेबाजों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की।

मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि जसपाल राणा का निधन खेल जगत, उत्तराखंड और पूरे राष्ट्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों, मित्रों और प्रशंसकों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की।

जसपाल राणा भारतीय निशानेबाजी के सबसे सफल खिलाड़ियों में शामिल रहे। उन्होंने अपने करियर में अनेक अंतरराष्ट्रीय पदक जीते और बाद में कोच के रूप में भी भारतीय शूटिंग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News