Nirbhik Nazar

गदरपुर में अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग-कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का सीएम धामी ने लिया जायजा

गदरपुर/देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऊधम सिंह नगर के गदरपुर में आयोजित होने वाली अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों के लिए की जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी प्रबंधन, आवागमन, आवास और अन्य जरूरी इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता की सभी तैयारियां तय मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और प्रतिभागियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें।

सीएम ने लिया वाटर स्पोर्ट्स का अनुभव

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं भी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का अनुभव लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में साहसिक खेलों की अपार संभावनाएं हैं और राज्य की प्राकृतिक परिस्थितियां जल क्रीड़ा, पर्वतीय खेलों एवं एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए बेहद अनुकूल हैं।

खेल और पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और बड़े मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ-साथ उन्हें वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मिलेगा लाभ

सीएम धामी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजनों से केवल खेल गतिविधियों को ही बढ़ावा नहीं मिलता, बल्कि पर्यटन, स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलती है। इससे उत्तराखंड की पहचान एक प्रमुख एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में और मजबूत होगी तथा देश-विदेश के पर्यटक यहां की प्राकृतिक सुंदरता के साथ खेल गतिविधियों का भी आनंद ले सकेंगे।

व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतियोगिता स्थल पर स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं, ताकि यह आयोजन उत्तराखंड की उत्कृष्ट कार्य संस्कृति और आतिथ्य का उदाहरण बन सके।

इस अवसर पर विधायक अरविंद पांडेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News