Nirbhik Nazar

मोदी के 12 सालों में भारत बना विश्व की मजबूत शक्ति, जनकल्याण योजनाओं से बदली तस्वीर – CM धामी

देहरादून/खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा के बग्घा चौवन में आयोजित “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” विशेष जनसंपर्क अभियान में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान छोलिया और थारू सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियों तथा पुष्पमालाओं से उनका भव्य स्वागत किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 12 वर्षों में देशहित में अनेक ऐतिहासिक और दूरगामी निर्णय लिए हैं, जिनके परिणामस्वरूप भारत आज विश्व पटल पर एक मजबूत और प्रभावशाली शक्ति के रूप में उभरा है।

सीएम धामी ने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ‘, स्वच्छ भारत अभियान, उज्ज्वला योजना, हर घर जल योजना और आयुष्मान भारत योजना जैसी पहल ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी पात्र नागरिकों को आयुष्मान योजना के तहत पांच लाख रुपये तक की निःशुल्क उपचार सुविधा मिल रही है।

उन्होंने कोरोना काल का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने स्वदेशी वैक्सीन विकसित कर देशवासियों को मुफ्त टीकाकरण उपलब्ध कराया और दुनिया के कई देशों की भी मदद की, जिससे वैश्विक सहयोग का संदेश गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तराखंड में भी कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई है और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि इस कानून के तहत नकल माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है।

सीएम धामी ने दावा किया कि राज्य में अब तक 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी एवं निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास की गति को तेज करते हुए अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

उन्होंने बग्घा चौवन क्षेत्र के विकास का भी जिक्र करते हुए कहा कि यहां मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्यमंत्री रंजीत सिंह नामधारी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News