Nirbhik Nazar

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में शामिल हुए सीएम धामी, किया पौधरोपण और चलाया स्वच्छता अभियान

खटीमा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा स्थित पूर्णागिरि मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया और एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़े जनआंदोलन हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अपने घरों, मोहल्लों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संकल्प लें तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाएं।

सीएम धामी ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। पौधरोपण न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में मदद करता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण भी सुनिश्चित करता है।

उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम” अभियान भावनात्मक जुड़ाव के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला एक महत्वपूर्ण प्रयास है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो यह अभियान व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप ले सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ उत्तराखंड के निर्माण के लिए सभी नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। स्वच्छता और हरित वातावरण राज्य की पहचान को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News