Nirbhik Nazar

उत्तराखंड कांग्रेस कार्यकारिणी पर जल्द होगा फैसला, छोटी टीम के लिए कुमारी सैलजा ने की वरिष्ठ नेताओं से रायशुमारी

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी की तस्वीर जल्द साफ हो सकती है। दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचीं प्रदेश प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी सैलजा ने प्रदेश नेताओं के साथ विस्तृत चर्चा कर संगठन की नब्ज टटोली और नई पीसीसी कार्यकारिणी को लेकर महत्वपूर्ण रायशुमारी की।

सूत्रों के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में बनने वाली नई कार्यकारिणी को अंतिम रूप देने के लिए कुमारी सैलजा ने वरिष्ठ नेताओं के साथ वन-टू-वन बैठकें कीं। इस दौरान संभावित पदाधिकारियों के नामों पर चर्चा हुई और विभिन्न नेताओं से सुझाव लिए गए। माना जा रहा है कि दिल्ली लौटने के बाद वह पार्टी हाईकमान के समक्ष अपनी रिपोर्ट और सुझाव रखेंगी, जिसके बाद एक सप्ताह के भीतर नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा हो सकती है।

कांग्रेस हाईकमान की मंशा 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए एक छोटी लेकिन प्रभावी टीम बनाने की है, जिसे संगठनात्मक स्तर पर बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी जा सकें। हालांकि प्रदेश स्तर पर नेताओं की ओर से बड़ी संख्या में नाम प्रस्तावित किए गए हैं, जिससे सीमित पदों में वरिष्ठ नेताओं, सक्रिय कार्यकर्ताओं और विभिन्न गुटों के बीच संतुलन बनाना चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है।

इसी वजह से कार्यकारिणी की घोषणा से पहले प्रदेश प्रभारी ने वरिष्ठ नेताओं के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया और सभी पक्षों की राय जानने का प्रयास किया। कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि मजबूत और संतुलित टीम के गठन से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति मिलेगी और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूती प्रदान की जा सकेगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News