Skip to main content

Nirbhik Nazar

रन फॉर योगा में दौड़े सीएम धामी, युवाओं से योग को जीवनशैली बनाने का किया आह्वान

देहरादून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को पुलिस लाइन, देहरादून में आयोजित रन फॉर योगा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने योग को स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवन का आधार बताते हुए प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं से इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रन फॉर योगाकेवल एक दौड़ नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और योग को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त अभियान है। उन्होंने कहा कि यह पहल समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और योग को जनआंदोलन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सदियों से योग, आध्यात्मिक साधना और ऋषि-मुनियों की तपस्थली रही है। यहां की समृद्ध आध्यात्मिक परंपरा और प्राकृतिक वातावरण पूरी मानवता को स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मक जीवन का संदेश देता है। योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली वैज्ञानिक एवं जीवनोपयोगी पद्धति है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है। वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत के प्रस्ताव के बाद 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता मिली और आज दुनिया के 190 से अधिक देशों में करोड़ों लोग योग का अभ्यास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अवसाद और विभिन्न स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। युवाओं से नियमित योग और व्यायाम अपनाने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि स्वस्थ, ऊर्जावान और अनुशासित युवा ही राज्य और देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा का वैश्विक केंद्र बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नई योग नीति के तहत योग एवं ध्यान केंद्रों को प्रोत्साहन, योग प्रशिक्षकों को सहयोग तथा योग एवं वेलनेस आधारित रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं।

उन्होंने प्रदेशवासियों से प्रतिदिन योग अपनाने, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली विकसित करने, नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने तथा योग के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड के युवा योग को जनआंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और स्वस्थ, समृद्ध एवं सशक्त उत्तराखंड के निर्माण में सहभागी बनेंगे।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक विनोद चमोली, मेयर सौरभ थपलियाल, सचिव आयुष रंजना राजगुरु, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र डोभाल सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News