Skip to main content

Nirbhik Nazar

CM धामी ने टनकपुर में किया “युवा संवाद : युवा शक्ति, उत्तराखंड की प्रगति” कार्यक्रम में प्रतिभाग…

टनकपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को चंपावत जिले के टनकपुर में आयोजित “युवा संवाद : युवा शक्ति, उत्तराखंड की प्रगति” कार्यक्रम में प्रतिभाग कर युवाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं के सुझाव, विचार और विभिन्न विषयों पर उनकी जिज्ञासाओं को सुना तथा उनके प्रश्नों के उत्तर दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा किसी भी राज्य और राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं तथा उत्तराखंड के युवा प्रतिभा, ऊर्जा और नवाचार से भरपूर हैं। उन्होंने कहा कि विकसित उत्तराखंड के निर्माण का लक्ष्य युवाओं की भागीदारी के बिना संभव नहीं है। भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है और यही युवा शक्ति देश को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया और खेलो इंडिया जैसे अभियानों ने युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोले हैं। वहीं उत्तराखंड सरकार भी रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना और ग्रामीण कौशल विकास योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही “एक जनपद, दो उत्पाद” योजना और “हाउस ऑफ हिमालयाज” ब्रांड के जरिए स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य में बेरोजगारी दर में उल्लेखनीय कमी आई है और पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां मिली हैं। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राज्य में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में खेल संस्कृति को भी बढ़ावा दिया जा रहा है और 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन ने प्रदेश को खेल क्षेत्र में नई पहचान दिलाई है। सीमांत क्षेत्रों के युवाओं को शिक्षा, खेल और आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के लिए भी सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने युवाओं से बड़े लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत, नवाचार और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि उत्तराखंड का युवा ही नए उत्तराखंड का निर्माता है और उसकी प्रगति में ही प्रदेश की प्रगति निहित है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News