Nirbhik Nazar

थराली अस्पताल में दवाओं का नया मामला, जांच के दौरान मिली एक्सपायरी दवाइयों की खेप

चमोली। थराली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में जली हुई सरकारी दवाइयों का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि जांच के दौरान एक और चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। अस्पताल परिसर में बने एक कमरे में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी दवाइयां और मास्क मिलने से स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

कुछ दिन पहले सीएचसी परिसर में सरकारी दवाइयों के जलाए जाने का मामला सामने आया था, जिसके बाद मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) चमोली डॉ. अभिषेक गुप्ता ने दो सदस्यीय जांच समिति का गठन किया था। समिति ने सोमवार को अस्पताल पहुंचकर स्टॉक रजिस्टर और अन्य अभिलेखों की जांच की।

जांच के दौरान अस्पताल भवन के समीप स्थित चिकित्सकों के सरकारी आवास के एक कमरे में खिड़की के जरिए बड़ी मात्रा में एक्सपायरी दवाइयां और मास्क दिखाई दिए। जांच टीम ने खिड़की से ही तस्वीरें लीं, लेकिन कमरे का ताला नहीं खोला गया और न ही उसे सील किया गया। इसको लेकर स्थानीय लोगों में कई तरह की चर्चाएं और सवाल उठने लगे हैं।

जांच समिति के अध्यक्ष एवं उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग के अधीक्षक भगवती प्रसाद पुरोहित ने बताया कि सीएमओ के निर्देश पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट तैयार कर मुख्य चिकित्साधिकारी को सौंपी जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर जांच टीम दोबारा थराली पहुंचकर विस्तृत जांच करेगी।

गौरतलब है कि जली हुई सरकारी दवाइयों के मामले ने पहले ही स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए थे। अब अस्पताल परिसर में एक्सपायरी दवाइयों और मास्क मिलने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि इन दवाइयों को वहां क्यों रखा गया था और इसके लिए जिम्मेदार कौन है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News