Nirbhik Nazar

सीएम धामी से मिला बैरागीवाला हत्याकांड का पीड़ित परिवार, CM ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से देहरादून स्थित कैंप कार्यालय में बैरागीवाला हत्याकांड के पीड़ित परिवार ने मुलाकात की। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष देहरादून ग्रामीण मीता सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष नीरू देवी, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय गुप्ता और ओबीसी मोर्चा प्रदेश मंत्री नीरज कश्यप के नेतृत्व में परिवार की समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया।

मुलाकात के दौरान नीरज कश्यप ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि 13 जून को बैरागीवाला गांव में हुई हिंसक घटना में विनोद कुमार की हत्या कर दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों द्वारा परिवार पर जानलेवा हमला किया गया, जिसमें विनोद कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार गहरे संकट में है।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने और मृतक की पत्नी को मृतक आश्रित के रूप में बैरागीवाला स्थित सरकारी विद्यालय में नौकरी दिए जाने की मांग की। बताया गया कि मृतक के माता-पिता, पत्नी तथा दो बच्चे पूरी तरह उन पर आश्रित थे और परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाते हुए कहा कि सरकार परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने हत्याकांड में अब तक फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News