Nirbhik Nazar

हल्द्वानी में फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी पर बड़ी कार्रवाई, 7 कोचिंग सेंटर सील

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में छात्रों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर प्रशासन, फायर विभाग और जिला विकास प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई जगह फायर सेफ्टी मानकों का गंभीर उल्लंघन पाया गया।

यह कार्रवाई लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में हुए अग्निकांड के बाद प्रदेशभर में चलाए जा रहे सुरक्षा अभियान के तहत की गई। निरीक्षण के दौरान भवन सुरक्षा, आपातकालीन निकास, अग्निशमन उपकरण, फायर अलार्म सिस्टम और फायर विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) सहित विभिन्न सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई।

जांच में कई कोचिंग संस्थानों के पास फायर एनओसी नहीं मिली, जबकि कई जगह अग्निशमन उपकरण और आपातकालीन निकास व्यवस्था भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। गंभीर खामियों को देखते हुए प्रशासन ने सात बड़े कोचिंग संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। वहीं एक अन्य संस्थान को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी सुरक्षा मानकों को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

संयुक्त निरीक्षण दल में सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसडीएम मोनिका आर्या, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार तथा फायर विभाग के अधिकारी शामिल रहे। अचानक हुई कार्रवाई से कोचिंग संचालकों में हड़कंप मच गया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और जिला विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News