Nirbhik Nazar

2027 चुनाव का बिगुल: चंपावत से कांग्रेस का ‘परिवर्तन संकल्प’ अभियान शुरू

चंपावत। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी कांग्रेस ने रविवार से अपने परिवर्तन संकल्प सम्मेलन अभियान की शुरुआत चंपावत से कर दी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अभियान का शुभारंभ करते हुए दावा किया कि वर्ष 2027 में कांग्रेस राज्य में सरकार बनाएगी।

गणेश गोदियाल ने कहा कि कुमाऊं की पवित्र भूमि चंपावत से इस अभियान की शुरुआत करना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि उत्तराखंड राज्य के गठन के समय देखे गए सपनों और विकास के विजन को साकार करना है।

उन्होंने बताया कि अभियान के पहले चरण में चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर, दूसरे चरण में अल्मोड़ा, तीसरे चरण में पौड़ी गढ़वाल, चमोली और रुद्रप्रयाग, जबकि चौथे चरण में टिहरी और उत्तरकाशी जिलों में परिवर्तन संकल्प सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

गोदियाल ने कहा कि पहले चरण में वह स्वयं अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ मौजूद रहेंगे। दूसरे चरण में करण माहरा, तीसरे चरण में डॉ. हरक सिंह रावत और चौथे चरण में प्रीतम सिंह अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगे। वहीं वरिष्ठ नेता हरीश रावत, यशपाल आर्य, प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा भी सभी जोन में अलग-अलग कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

उन्होंने कहा कि पहले पहाड़ी जिलों में अभियान चलाया जाएगा, जिसके बाद तराई क्षेत्र में हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून तक कार्यक्रम आयोजित होंगे। उनका लक्ष्य 10 तारीख तक पर्वतीय क्षेत्रों का दौरा पूरा कर 15 तारीख से तराई में अभियान शुरू करने का है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की रणनीति के तहत विधानसभा चुनाव से पहले प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में वरिष्ठ नेताओं का तीन से चार बार दौरा कराया जाएगा, ताकि पार्टी लगातार जनता के बीच अपनी मौजूदगी बनाए रख सके और परिवर्तन का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जा सके।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News