मसूरी। उत्तरांचल महिला संगठन ‘उमा’ के तत्वावधान में आयोजित 24वें महिला स्वास्थ्य जागरूकता शिविर में स्वास्थ्य जागरूकता के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम के तहत अंतरराष्ट्रीय महिला स्वास्थ्य विचार गोष्ठी एवं मोटे अनाज से निर्मित पौष्टिक आहार व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी तथा विशिष्ट अतिथि आयुष्मान भारत कार्यक्रम की निदेशक डॉ. सरोज नैथानी रहीं। दोनों अतिथियों ने महिलाओं से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में नृत्यांगन डांस एकेडमी के बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। शानदार प्रस्तुति के लिए बच्चों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बाल कलाकार आव्या झा (गुन्नू), अवियाना, गौरी, नायसा, आरुही, शानवी, अमाया समेत अन्य नन्ही प्रतिभाओं को भी उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
नृत्यांगन डांस एकेडमी की निदेशक इला पंत ने कहा कि महिला संगठन ‘उमा’ स्वास्थ्य जागरूकता के साथ-साथ कला और संस्कृति को भी बढ़ावा देने का सराहनीय कार्य कर रहा है। ऐसे आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है और समाज में सकारात्मक संदेश भी पहुंचता है।
संगठन की संस्थापक अध्यक्ष साधना शर्मा ने बताया कि ‘उमा’ पिछले 24 वर्षों से लगातार महिला स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित कर रहा है। संगठन का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य, पोषण और स्वावलंबन के प्रति जागरूक बनाना है। उन्होंने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन महिलाओं द्वारा मोटे अनाज को दैनिक जीवन में अपनाने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के संकल्प के साथ हुआ।