Nirbhik Nazar

काशीपुर: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने काशीपुर में विकास परियोजनाओं का किया निरीक्षण, कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

काशीपुर: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने रविवार को अपने एक दिवसीय काशीपुर दौरे के दौरान सिडकुल और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन एरोमा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (ईएमसी) पार्क, एस्कॉर्ट फार्म स्थित सिडकुल क्षेत्रीय कार्यालय, हेमपुर नेपा फार्म की 803 एकड़ भूमि, काशीपुर-रामनगर फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग तथा प्रस्तावित काशीपुर बाईपास रिंग रोड का जायजा लिया और अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल ने बताया कि 133 एकड़ में विकसित हो रहे इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर में कुल 56 प्लॉट हैं, जिनमें से 22 प्लॉट आवंटित हो चुके हैं जबकि शेष प्लॉटों के लिए निवेशकों से बातचीत चल रही है। 177 करोड़ रुपये की इस परियोजना का निर्माण कार्य पेयजल निगम द्वारा कराया जा रहा है। अवशेष 45 करोड़ रुपये की धनराशि की मांग शासन को भेजी गई है। मुख्य सचिव ने परियोजना स्थल पर पौधरोपण भी किया।

इसके बाद मुख्य सचिव ने सिडकुल की हेमपुर नेपा फार्म स्थित 803 एकड़ भूमि का निरीक्षण कर भविष्य की औद्योगिक संभावनाओं को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली।

राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना का निरीक्षण करते हुए अधीक्षण अभियंता ने बताया कि काशीपुर से रामनगर तक 18.26 किलोमीटर लंबा फोरलेन मार्ग 494.45 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। परियोजना का टेंडर हो चुका है और भूमि मुआवजा वितरण की प्रक्रिया जारी है। वन भूमि हस्तांतरण की सैद्धांतिक स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। मुख्य सचिव ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को भूमि संबंधी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर, उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल विपिन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News