Skip to main content

Nirbhik Nazar

चंपावत को मॉडल जनपद बनाने का संकल्प, CM धामी ने किया  ₹123.79 करोड़ की 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत में आयोजित कार्यक्रम में ₹123.79 करोड़ की लागत वाली 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने ₹27.79 करोड़ की आठ पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण तथा ₹96 करोड़ की नौ नई योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ₹3.49 करोड़ की लागत से विकसित जिम कॉर्बेट ट्रेल का उद्घाटन किया और रोडवेज बस स्टेशन परिसर में बनने वाले आधुनिक सिटी सेंटर का भूमि पूजन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत को उत्तराखंड का मॉडल जनपद बनाना उनका संकल्प है। सरकार सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास का उद्देश्य केवल भवन और सड़कें बनाना नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार, महिलाओं को आत्मनिर्भरता, किसानों को समृद्धि और व्यापारियों को नए अवसर उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चंपावत नगर में लगभग ₹62.33 करोड़ की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (सिटी सेंटर) का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा महिला प्रौद्योगिकी पार्क, आधुनिक पुस्तकालय, ज्ञान केंद्र, ओपन जिम और अन्य सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगभग ₹257 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज तथा ₹58.52 करोड़ की लागत से आधुनिक साइंस सेंटर स्थापित किया जा रहा है। वहीं कृषि महाविद्यालय, गौशालाओं के विकास और आधुनिक कृषि तकनीकों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकास भी और विरासत भी” के मंत्र के अनुरूप मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत मां पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और मां वाराही धाम सहित अनेक धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने बताया कि टनकपुर में लगभग ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक आईएसबीटी तथा ₹14 करोड़ की लागत से मीडिया सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। लोहाघाट में पर्यावरण मित्रों के लिए आवासीय भवन, बनबसा में सैनिक स्मारक और पाटी में सैनिक बहुउद्देशीय केंद्र भी विकसित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज शुरू की गई विकास परियोजनाएं विकसित चंपावत की मजबूत नींव साबित होंगी और भविष्य में जनपद समावेशी एवं सतत विकास का आदर्श मॉडल बनकर विकसित उत्तराखंड के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News