Nirbhik Nazar

लोहाघाट से कांग्रेस का चुनावी शंखनाद, गोदियाल ने गिनाईं गारंटियां; 100 से अधिक लोग पार्टी में शामिल

लोहाघाट। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने चंपावत जिले के लोहाघाट से अपनी परिवर्तन संकल्प यात्रा को धार देते हुए भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा, वहीं सत्ता में आने पर अग्निवीर योजना समाप्त करने, पुरानी पेंशन बहाल करने और टीईटी की बाध्यता खत्म करने का वादा किया। इस दौरान 100 से अधिक लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा में गोदियाल ने कहा कि भाजपा युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाओं ने मेहनत करने वाले युवाओं का भरोसा तोड़ा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना को समाप्त किया जाएगा तथा 2027 में सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों को बिना परीक्षा उत्तराखंड पुलिस में समायोजित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर पुरानी पेंशन योजना को फिर से लागू करेगी और शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने पर भी निर्णय लिया जाएगा। गोदियाल ने भाजपा पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सामाजिक समरसता और संविधान की मूल भावना के साथ आगे बढ़ने में विश्वास रखती है।

जनसभा में विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, विधायक हरीश धामी और पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल ने भी भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष उत्तम फर्त्याल के नेतृत्व में शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाली और टीईटी की बाध्यता समाप्त करने की मांग को लेकर ज्ञापन भी सौंपा।

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि परिवर्तन संकल्प यात्रा को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। वहीं कार्यक्रम के दौरान 100 से अधिक लोगों के कांग्रेस में शामिल होने को पार्टी ने आगामी चुनाव से पहले संगठन के विस्तार के तौर पर पेश किया।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News