Nirbhik Nazar

बदरीनाथ चढ़ावा विवाद पर बोले सतपाल महाराज, ‘सबूत दें विपक्ष, हर जांच को तैयार सरकार’

देहरादून। बदरीनाथ धाम में चढ़ावे में कथित हेराफेरी के आरोपों को लेकर सियासत तेज हो गई है। इस बीच धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने विपक्ष पर बिना सबूत आरोप लगाने का आरोप लगाते हुए कहा कि केवल हल्ला मचाने से कुछ नहीं होगा। यदि किसी के पास ठोस साक्ष्य हैं तो सरकार को उपलब्ध कराए, सरकार हर स्तर की जांच कराने को तैयार है।

मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि इससे पहले केदारनाथ धाम में 200 किलो सोना चोरी के आरोप भी लगाए गए थे, लेकिन जांच में ऐसा कुछ नहीं मिला। उन्होंने बताया कि उस मामले की जांच उन्होंने स्वयं कराई थी। मंदिर समिति ने गर्भगृह में सोने की परत चढ़ाने के बाद उसकी सुरक्षा के लिए प्लास्टिक कोटिंग कराई थी, जिसे लेकर भ्रम फैलाया गया।

उन्होंने कहा कि बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं द्वारा दान देने की परंपरा वर्षों पुरानी है। वर्तमान मामले में जिस कर्मचारी पर आर्थिक अनियमितता के आरोप लगे हैं, उसकी जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) को मंदिर परिसर में सीसीटीवी व्यवस्था और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।

उधर, बीकेटीसी ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए चार सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति गठित कर दी है। समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज की जांच के लिए विभागीय टीम भी बनाई गई है।

बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच के लिए मंदिर परिसर की पिछले 40 दिनों की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी गई है, ताकि आवश्यक साक्ष्यों का परीक्षण किया जा सके।

गौरतलब है कि भैरव सेना के संस्थापक अध्यक्ष संदीप खत्री ने हाल ही में बीकेटीसी के सीईओ को ज्ञापन सौंपकर मंदिर से जुड़े वित्तीय मामलों में अनियमितता और आर्थिक हेराफेरी के आरोप लगाए थे तथा संबंधित कर्मचारी के खिलाफ निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की थी। बीकेटीसी का कहना है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News