Skip to main content

Nirbhik Nazar

चम्पावत को बाढ़ सुरक्षा की बड़ी सौगात, सीएम धामी ने ₹65.95 करोड़ की दो महत्वपूर्ण बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का किया शिलान्यास

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चम्पावत जिले के बूमघाट में ₹65.95 करोड़ की दो महत्वपूर्ण बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें ₹60.21 करोड़ की लागत से बूम से टनकपुर तक शारदा नदी पर तटबंध निर्माण तथा ₹5.74 करोड़ की लागत से पूर्णागिरि तहसील के ग्राम छीनीगोठ में हुड्डी नदी पर बाढ़ सुरक्षा दीवार का निर्माण शामिल है।

शिलान्यास से पूर्व मुख्यमंत्री ने शारदा नदी पर चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कार्यक्रम स्थल पर उनका पारंपरिक टीका, कुमाऊँनी टोपी, पुष्पवर्षा और छोलिया नृत्य के साथ भव्य स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शारदा तटबंध केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और क्षेत्र के समग्र विकास की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि शारदा नदी क्षेत्र के लाखों लोगों की आजीविका का आधार है और सरकार सीमांत क्षेत्रों को सुरक्षित एवं समृद्ध बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि लगभग ₹3300 करोड़ की लागत से विकसित हो रही शारदा कॉरिडोर परियोजना के तहत टनकपुर से बनबसा तक रिवर फ्रंट सहित धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है। साथ ही महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, आधुनिक साइंस सेंटर, कृषि महाविद्यालय और किसानों की आय बढ़ाने से जुड़ी योजनाओं पर भी तेजी से काम चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकास भी और विरासत भी” के मंत्र के अनुरूप मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत माँ पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और माँ वाराही धाम का विकास किया जा रहा है, जिससे धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का भी मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। कृषि, उद्यान, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, समाज कल्याण और एनआरएलएम समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। महिला स्वयं सहायता समूह के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं के साथ पारंपरिक तरीके से रोटी और चटनी भी तैयार की।

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य शिविर में निक्षय योजना के पांच लाभार्थियों को पोषण किट वितरित की तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों, पूर्व सैनिकों, किसानों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों से संवाद कर क्षेत्रीय विकास से जुड़े सुझाव भी लिए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से चम्पावत में बाढ़ सुरक्षा मजबूत होने के साथ विकास और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News