देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में केदारनाथ पुनर्निर्माण एवं पुनर्विकास परियोजना तथा बद्रीनाथ मास्टर प्लान के कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने केदारनाथ धाम में प्रस्तावित छह नए ब्लॉकों का निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने और सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में मुख्य सचिव ने केदारनाथ पुनर्निर्माण से जुड़े कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक परियोजना की समयसीमा की जानकारी लेते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी को केदारनाथ यात्रा क्षेत्र के लिए व्यापक एवं एकीकृत कूड़ा प्रबंधन योजना तैयार करने को कहा, ताकि यात्रा के दौरान कचरा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य के लिए आवश्यक वित्तीय, तकनीकी और अन्य सहयोग शासन स्तर से उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्य सचिव ने बद्रीनाथ मास्टर प्लान के प्रथम और द्वितीय चरण के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी परियोजनाओं की प्रगति का आकलन करते हुए तय समयसीमा के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही परियोजना से जुड़े आर्टवर्क और अन्य आवश्यक कार्यों को भी समानांतर रूप से शुरू कराने को कहा, ताकि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।
बैठक में मुख्य सचिव ने दोनों धामों में विकसित की जा रही परिसंपत्तियों और सुविधाओं के संचालन एवं रखरखाव के लिए पहले से ही स्पष्ट व्यवस्था तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजनाएं पूरी होने से पहले ही संचालन करने वाली संस्थाओं का निर्धारण कर लिया जाए, ताकि परिसंपत्तियों के हस्तांतरण के बाद रखरखाव और संचालन में किसी प्रकार की दिक्कत न आए।
बैठक में सचिव धीराज गर्ब्याल, अपर सचिव विनीत कुमार तथा संबंधित जनपदों के जिलाधिकारी भी उपस्थित रहे।