देहरादून। शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के अभियान के तहत नगर निगम ने डेयरियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। महापौर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे के निर्देश पर चलाए गए विशेष निरीक्षण अभियान में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर छह डेयरियों पर कुल 97,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि छह अन्य डेयरी संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं।
नगर निगम के पशु चिकित्सा अनुभाग ने 4, 6 और 7 जुलाई को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर डेयरियों में स्वच्छता व्यवस्था, गोबर के निस्तारण और अन्य निर्धारित मानकों की जांच की। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर अनियमितताएं मिलने पर संबंधित डेयरी संचालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान चंद्रमणी रोड और सेवला कला क्षेत्र की दो डेयरियों का पंजीकरण भी किया गया। साथ ही 25 डेयरी पशुओं का पंजीकरण कर नगर निगम ने 12,500 रुपये का राजस्व प्राप्त किया।
नगर निगम ने बकाया चालान नहीं जमा करने वालों के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया है। करनपुर निवासी डेयरी संचालक राकेश पाल द्वारा 40 हजार रुपये का चालान जमा नहीं करने पर उनके खिलाफ भू-राजस्व अधिनियम के तहत वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए जिलाधिकारी और तहसील प्रशासन को पत्र भेजा गया है।
वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वरुण अग्रवाल ने बताया कि नगर निगम वर्तमान में 43 डेयरियों से निशुल्क गोबर संग्रहण कर रहा है। एकत्रित गोबर को शंकरपुर स्थित गौसदन प्लांट तक पहुंचाया जाता है, जिससे शहर में गंदगी और प्रदूषण को नियंत्रित करने में मदद मिल रही है। उन्होंने डेयरी संचालकों से गोबर का वैज्ञानिक निस्तारण करने और नगर निगम की सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि डेयरियों के निरीक्षण, पंजीकरण और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।