Nirbhik Nazar

हरेला पर्व की तैयारियों में जुटें जिलाधिकारी, मुख्य सचिव ने दिए व्यापक आयोजन के निर्देश

देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर हरेला पर्व के आयोजन और क्लस्टर विद्यालयों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी जनपदों को हरेला पर्व के सफल आयोजन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि हरेला पर्व को जन-जन का उत्सव बनाने के लिए स्कूलों, स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ), न्याय पंचायतों, ग्राम पंचायतों और स्थानीय समुदाय की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक लोगों को इस पर्व से जोड़ने के लिए जनजागरूकता के साथ बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

बैठक में प्रदेश में विकसित किए जा रहे क्लस्टर विद्यालयों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्लस्टर विद्यालयों का उद्देश्य विद्यार्थियों को एक ही परिसर में बेहतर शैक्षणिक और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन क्लस्टर विद्यालयों में कम समय में कार्य पूर्ण किया जा सकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाए। साथ ही गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के आयुक्तों को साप्ताहिक समीक्षा कर चिन्हित विद्यालयों में जल्द से जल्द परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव नितेश कुमार झा, रविनाथ रमन, डॉ. वी. षणमुगम, चंद्रेश कुमार यादव, विनोद कुमार सुमन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News