Nirbhik Nazar

उत्तराखंड दौरे पर नीति आयोग की टीम, मुख्य सचिव ने नीति आयोग के सदस्य डॉ. एम. श्रीनिवास का किया स्वागत

देहरादून। उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे नीति आयोग के सदस्य डॉ. एम. श्रीनिवास और उनकी टीम ने बुधवार को सचिवालय में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विकास, स्वास्थ्य और आर्थिक प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक की। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने नीति आयोग की टीम का स्वागत करते हुए राज्य की विकास यात्रा और भविष्य की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम ने राज्य की विकास प्रगति पर प्रस्तुतीकरण दिया, जबकि नीति आयोग की सलाहकार एवं कार्यक्रम निदेशक डॉ. सोनिया पंत ने उत्तराखंड की प्रमुख उपलब्धियों और आर्थिक रूपरेखा की जानकारी साझा की।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि राज्य गठन के बाद उत्तराखंड ने आर्थिक विकास, आधारभूत ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क, पर्यटन और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने बताया कि सतत विकास लक्ष्य सूचकांक 2023-24 में उत्तराखंड ने शीर्ष स्थान हासिल किया है। साथ ही, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और नागरिक-अनुकूल सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में भी प्रभावी कार्य किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि पर्वतीय राज्य होने के कारण दूरस्थ क्षेत्रों तक सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना अभी भी चुनौती है। महिलाओं और बच्चों में कुपोषण दूर करने, टेलीमेडिसिन, आपातकालीन चिकित्सा, क्षमता निर्माण और स्वास्थ्य अनुसंधान के क्षेत्र में नीति आयोग के तकनीकी सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने एम्स और अन्य उत्कृष्ट संस्थानों को ज्ञान साझेदार के रूप में जोड़ने का भी सुझाव दिया।

नीति आयोग के सदस्य डॉ. एम. श्रीनिवास ने कहा कि उत्तराखंड विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य कर रहा है, लेकिन स्वास्थ्य से जुड़े परिणामों और सतत विकास लक्ष्यों पर अभी और बेहतर प्रदर्शन की आवश्यकता है। उन्होंने मातृ मृत्यु दर, नवजात मृत्यु दर, संस्थागत प्रसव और टीबी उपचार में और सुधार के लिए प्रयास तेज करने पर जोर दिया। इसके साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं, ट्रॉमा एवं आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने तथा आयुष आधारित स्वास्थ्य तंत्र के विस्तार पर भी बल दिया।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव शैलेश बगौली, दिलीप जावलकर, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, नीति आयोग के उप सचिव दीपक कुमार, ओएसडी डॉ. शोभित कुमार सहित शासन और नीति आयोग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News