Nirbhik Nazar

CM धामी ने विकास योजनाओं के लिए दी 24 करोड़ रुपये की वित्तीय मंजूरी, हरिद्वार मे गाड़ें जाएंगे 200 हैंडपंप  

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जनपदों में विकास एवं निर्माण कार्यों को गति देने के लिए करीब 24 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं में पेयजल, सीवरेज, नदी पुनर्जीवन, प्रयोगशालाओं के आधुनिकीकरण, झील संरक्षण तथा धार्मिक एवं शैक्षणिक संस्थानों के विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार जनपद के भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र में 200 हैंडपंपों के निर्माण के लिए 1.43 करोड़ रुपये, रुड़की शहर की सीवरेज व्यवस्था के लिए 3.16 करोड़ रुपये तथा न्यू हरिद्वार मॉडल कॉलोनी और गोविंदपुरी क्षेत्र में क्षतिग्रस्त वितरण पाइपलाइन के प्रतिस्थापन के लिए 4.50 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

राज्य की जिला स्तरीय प्रयोगशालाओं को आधुनिक बनाने के उद्देश्य से गढ़वाल एवं कुमाऊं मंडल की प्रयोगशालाओं में मानकों के परीक्षण के लिए ऑटोमैटिक एनालाइजर सिस्टम की खरीद हेतु 2.54 करोड़ रुपये की योजना को भी मंजूरी दी गई है।

पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों के पुनर्जीवन को बढ़ावा देते हुए मुख्यमंत्री ने देहरादून जनपद की गडूल नदी (सौंग नदी की सहायक नदी) के पुनर्जीवन एवं ट्रीटमेंट कार्यों के लिए 6.02 करोड़ रुपये तथा उत्तरकाशी जनपद की कमल गंगा नदी के पुनर्जीवन एवं उपचार कार्यों के लिए 4.17 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।

इसके अलावा चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में ओखलढूंगा झील के संरक्षण एवं विकास कार्यों के लिए 74.38 लाख रुपये, ऊधमसिंह नगर के नानकमत्ता में बंगाली कॉलोनी स्थित नव निर्मित दुर्गा मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 56.51 लाख रुपये, अल्मोड़ा के सेराघाट स्थित मां मंगला भगवती माता मंदिर परिसर में धर्मशाला निर्माण के लिए 72.83 लाख रुपये तथा हरिद्वार के लालढांग न्याय पंचायत अंतर्गत लाला ओम प्रकाश ज्ञानदीप कन्या इंटर कॉलेज की चारदीवारी निर्माण के लिए 53.18 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति भी मुख्यमंत्री ने प्रदान की है।

सरकार का कहना है कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, जल संसाधनों के संरक्षण को बल मिलेगा और विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News