Skip to main content

Nirbhik Nazar

बदरीनाथ चढ़ावा मामले पर मुख्यमंत्री धामी का सख्त रुख, कहा – दोषियों पर होगी कार्रवाई, विपक्ष पर साधा निशाना

देहरादून। बदरीनाथ धाम में कथित चढ़ावा चोरी मामले को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया है कि सरकार इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित कर दी गई है और जांच पूरी निष्पक्षता के साथ कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बदरीनाथ धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और ऐसे पवित्र स्थल पर किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गठित जांच समिति पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए आस्था के विषयों को भी मुद्दा बना लेते हैं, जबकि इस तरह की राजनीति से धार्मिक स्थलों का सम्मान और वैभव प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करना है और इस मामले में किसी भी स्तर पर कोताही नहीं बरती जाएगी।

गौरतलब है कि बदरीनाथ धाम में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मामले में राज्य सरकार ने गढ़वाल मंडल आयुक्त की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की है। समिति में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के प्रबंध निदेशक डॉ. संदीप तिवारी और स्वास्थ्य विभाग के निदेशक (वित्त) जगत सिंह चौहान को सदस्य बनाया गया है।

धर्मस्व विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार समिति मंदिर में प्राप्त दान एवं चढ़ावे से संबंधित कथित अनियमितताओं की विस्तृत जांच करेगी और 15 दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट तथा संस्तुतियां शासन को सौंपेगी। वहीं, बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) भी इस प्रकरण की जांच के लिए अलग से समिति गठित कर चुकी है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News