देहारादून : उत्तराखण्ड में एक बार फिर कोरोना विस्फोट हुआ है। प्रदेशभर में रविवार को कुल 550 केस सामने आए हैं। प्रदेश में अब कुल संक्रमितों की संख्या 1,02,264 पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार,अल्मोड़ा में 14, बागेश्वर में 8, चमोली में 2, चम्पावत में 8, देहरादून में 221, हरिद्वार में 173, नैनीताल में 55, पौड़ी में 14, पिथौरागढ़ में 5, रुद्रप्रयाग में 1, टिहरी में 17, ऊधमसिंह नगर में 23 एवं उत्तरकाशी जिले में 9 कोरोना संक्रमित मिले हैं। चिंता की बात है कि कोरोना वायरस से दो संक्रमितों की मौत भी हुई है।

कोरोना को लेकर सीएम ने दिये ये निर्देश
आपको बता दें मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को कोविड-19 से बचाव के लिए मास्क का प्रयोग और शारीरिक दूरी समेत सभी नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मास्क और शारीरिक दूरी का अनुपालन न करने वालों का तुरंत चालान काटते हुए सख्त कार्रवाई की जाए। प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। अब कुंभ मेला भी शुरू हो चुका है। ऐेसे में दूसरे राज्यों से भी लोग बड़ी संख्या में उत्तराखंड आ रहे हैं। भले ही सरकार ने दूसरे राज्यों से आने वालों के लिए कड़े नियम बनाए हैं, बावजूद इसके आने वालों की संख्या में कमी नहीं आ रही है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत भी सख्त हो गए हैं। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए बनाए गए नियमों का सख्ती से अनुपालन कराया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की रियायत न बरती जाए। प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किए जाएं। सभी उप जिलाधिकारी एवं सर्किल आफिसर इसकी स्वयं निगरानी करेंगे।