Nirbhik Nazar

17 जुलाई को देहरादून आएंगे राहुल गांधी, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में युवाओं से करेंगे संवाद

देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जुलाई को देहरादून पहुंचकर छात्रों की गूंज कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और छात्रों से संवाद करेंगे। राजस्थान के कोटा से शुरू हुए इस अभियान का उत्तराखंड में आयोजन परेड ग्राउंड में किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए इसे सफल बनाने के लिए विभिन्न सुझाव लिए गए। गोदियाल ने कहा कि छात्रों की गूंज कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा और इसका संदेश प्रदेश के प्रत्येक युवा तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद प्रदेश के युवाओं को रोजगार के लिए भटकना पड़ रहा है। कांग्रेस युवाओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी और राहुल गांधी सीधे छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे।

बैठक में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, राष्ट्रीय सचिव काजी निजामुद्दीन, सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, विधायक मदन सिंह बिष्ट, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विशाल भोजक, एनएसयूआई अध्यक्ष विकास नेगी सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News