देहारादून: मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के कोरोना संक्रमित होने के बाद उनके होम आइसोलेशन की अवधि अब पूरी होने जा रही है। वह छह अप्रैल, यानी मंगलवार से एक बार फिर जनता के बीच में नजर आएंगे। इस दिन उनका ऋषिकेश विधानसभा में भाजपा के स्थापना दिवस कार्यक्रम और इसके बाद विभिन्न अखाड़ों और गंगा परिषद के प्रतिनिधियों से मुलाकात का कार्यक्रम तय है।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत 22 मार्च को कोरोना संक्रमित हुए थे। इसके बाद वह बीजापुर राज्य अतिथि गृह में आइसोलेट हो गए थे और वहीं से सारे सरकारी कामकाज निपटा रहे थे। रविवार को उनके कोरोना टेस्ट की लगातार दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई। साथ ही अब उनके आइसोलेशन की अवधि सोमवार को पूरी हो रही है। ऐसे में वह छह अप्रैल से एक बार फिर जनता के बीच आएंगे। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने बताया कि वह छह अप्रैल को भाजपा स्थापना दिवस कार्यक्रम की श्रृखंला के तहत ऋषिकेश विधानसभा के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस कार्यक्रम में सात से आठ हजार कार्यकत्र्ताओं के पहुंचने की उम्मीद है। मंगलवार को ही दोपहर बाद वह हरिद्वार में सभी अखाड़ों और गंगा परिषद के सौजन्य से होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान व अखाड़ों व गंगा परिषद के पदाधिकारियों से कुंभ को लेकर भी चर्चा करेंगे।