देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हर्रावाला रेलवे स्टेशन से ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व‘ के अवसर पर वेरावल (सोमनाथ) के लिए विशेष रेल यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए इसे राष्ट्र के स्वाभिमान, सांस्कृतिक चेतना और सनातन परंपराओं से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छह दिवसीय इस विशेष यात्रा में प्रदेश के विभिन्न वर्गों से करीब 700 श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। इनमें स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी, संत समाज और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि भी शामिल हैं। उन्होंने संस्कृति विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए सभी यात्रियों की सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल सोमनाथ मंदिर भारत की आस्था, पुनरुत्थान और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। अनेक आक्रमणों और विध्वंस के बावजूद सोमनाथ ने यह संदेश दिया है कि भारत हर चुनौती के बाद और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सांस्कृतिक पुनर्जागरण का दौर चल रहा है। अयोध्या, काशी विश्वनाथ, केदारनाथ, महाकाल और बद्रीनाथ जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों का विकास भारत की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दे रहा है। उत्तराखंड सरकार भी केदारखंड, मानसखंड, हरिपुर कालसी स्थित यमुनातीर्थ, हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर और शारदा कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं पर तेजी से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करने के लिए धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और समान नागरिक संहिता जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लागू कर चुकी है। उन्होंने बताया कि अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को मुक्त कराया गया है। वहीं शिक्षा व्यवस्था में सुधार के तहत अवैध मदरसों पर कार्रवाई और उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन किया गया है।
मुख्यमंत्री ने यात्रा पर रवाना हो रहे श्रद्धालुओं से अपील की कि वे जहां भी जाएं, वहां देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति, संस्कार और ‘अतिथि देवो भवः‘ की भावना का परिचय दें। उन्होंने कहा कि सभी यात्री उत्तराखंड की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के प्रतिनिधि बनकर इस यात्रा में शामिल हो रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक बृज भूषण गैरोला, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।