Nirbhik Nazar

2027 मिशन में जुटी बीजेपी, देहरादून में संगठनात्मक बैठक, बूथ प्रबंधन और मतदाता सूची पर रणनीति तैयार

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को गति देते हुए देहरादून के कुआंवाला में संगठनात्मक बैठक आयोजित की। बैठक में पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में सक्रिय भागीदारी और घर-घर संपर्क बढ़ाने की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया।

बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं को प्रत्येक बूथ और प्रत्येक मतदाता तक पहुंच बनाने का आह्वान किया। नेताओं ने कहा कि आगामी चुनाव में पार्टी की सफलता मजबूत संगठन, सटीक मतदाता सूची और प्रभावी बूथ प्रबंधन पर निर्भर करेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जहां कम, वहां हम” अभियान को संगठन की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा के साथ निभानी होगी। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराने और मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाना जरूरी है।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रहे और कोई अपात्र नाम सूची में शामिल न हो। उन्होंने कार्यकर्ताओं से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

बैठक में केंद्रीय टीम के सदस्य एवं पूर्व सांसद जमयांग त्सेरिंग नामग्याल और प्रकाश तंवर ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रक्रिया, कार्यकर्ताओं की भूमिका और बूथ स्तर पर चुनावी तैयारी को लेकर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने पदाधिकारियों के सवालों के जवाब देते हुए संगठन को अधिक प्रभावी ढंग से सक्रिय करने पर भी जोर दिया।

बैठक के जरिए बीजेपी ने स्पष्ट संकेत दिया कि पार्टी अब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को पूरी तरह संगठनात्मक स्तर पर केंद्रित कर रही है। सरकार की उपलब्धियों के साथ-साथ बूथ प्रबंधन, मतदाता सूची और जमीनी नेटवर्क को मजबूत बनाकर चुनावी रणनीति को आगे बढ़ाया जाएगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News