Nirbhik Nazar

हरेला पर देहरादून नगर निगम का हरित अभियान, 5 लाख सब्जी के पौधे और 70 हजार पौधों का होगा वितरण

देहरादून: हरेला पर्व के अवसर पर नगर निगम देहरादून ने मिशन पोषण संकल्प” के तहत एक माह तक चलने वाले विशेष पौधारोपण और पौधा वितरण अभियान की शुरुआत करने का निर्णय लिया है। मेयर और नगर आयुक्त के मार्गदर्शन में चलाए जाने वाले इस अभियान के तहत शहरभर में हरित वातावरण और पोषण को बढ़ावा देने के लिए व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

नगर निगम द्वारा स्वयं सहायता समूहों और वार्ड पार्षदों के सहयोग से लगभग चार से पांच लाख सब्जी के पौधों का घर-घर वितरण किया जाएगा। वहीं स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में सहजन के पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों और चिन्हित हरित क्षेत्रों में जनभागीदारी के साथ 70 हजार फलदार, चारा एवं अन्य प्रजातियों के पौधों का रोपण और वितरण किया जाएगा।

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने अधिकारियों को अभियान के प्रभावी संचालन के निर्देश देते हुए कहा कि लगाए गए सभी पौधों की जीपीएस मैपिंग और ग्रीन रजिस्टर में पंजीकरण किया जाएगा, ताकि उनके संरक्षण और नियमित निगरानी सुनिश्चित हो सके। नगर निगम गढ़वाल राइफल्स के सहयोग से अतिक्रमण मुक्त भूमि पर भी बड़े स्तर पर वृक्षारोपण करेगा।

अभियान के तहत 16 जुलाई से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा घर-घर पौध वितरण किया जाएगा। इसके बाद स्कूलों, आंगनबाड़ियों, पार्कों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर पौधारोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। तपोवन, सहस्रधारा वर्कशॉप, मंदाकिनी विहार, नालापानी, शीशमबाड़ा प्लांट और देहराखास सहित कई स्थानों पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा।

नगर आयुक्त ने नागरिकों से अपने घरों, विद्यालयों, कार्यालयों और आसपास उपलब्ध स्थानों पर पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील करते हुए कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का जनआंदोलन है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News