Nirbhik Nazar

बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला: गोदियाल और हेमंत द्विवेदी आमने-सामने, आरोप-प्रत्यारोप के बीच बहस की चुनौती

देहरादून: बदरीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी के मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस और बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं।

गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि चढ़ावा चोरी के आरोपी प्रमोद नौटियाल को वर्तमान बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने अपने निजी सचिव के रूप में नियुक्त किया था और उनके कार्यकाल में ही उसे बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे की गणना की जिम्मेदारी दी गई थी।

इन आरोपों के जवाब में बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने दस्तावेज जारी करते हुए दावा किया कि प्रमोद नौटियाल की नियुक्ति वर्ष 2017 में उस समय हुई थी, जब गणेश गोदियाल स्वयं मंदिर समिति के अध्यक्ष थे। उन्होंने गोदियाल के आरोपों को निराधार बताते हुए जिम्मेदारी उन्हीं के कार्यकाल पर डाल दी।

मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में गणेश गोदियाल ने हेमंत द्विवेदी के लिए अलग कुर्सी लगाकर सार्वजनिक बहस की चुनौती दी, लेकिन द्विवेदी कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। वहीं प्रेस वार्ता के दौरान नियुक्ति से जुड़े सवाल पूछे जाने पर गोदियाल ने सीधे जवाब देने के बजाय सार्वजनिक बहस की बात दोहराई।

दूसरी ओर, हेमंत द्विवेदी ने भी पलटवार करते हुए कहा कि यदि बहस करनी है तो वह बदरीनाथ धाम में ही होनी चाहिए, क्योंकि मामला मंदिर और वहां की व्यवस्था से जुड़ा है।

चढ़ावा चोरी प्रकरण को लेकर दोनों पक्षों के बीच जारी आरोप-प्रत्यारोप के कारण यह मामला अब राजनीतिक बहस का विषय बन गया है, जबकि मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई भी जारी है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News