Nirbhik Nazar

चमोली को ₹155.36 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री धामी ने 63 परियोजनाओं का किया शिलान्यास और लोकार्पण

गोपेश्वर (चमोली): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेवा, सुशासन एवं समर्पण सेवा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम में चमोली जनपद को ₹155.36 करोड़ की 63 विकास योजनाओं की सौगात दी। पुलिस मैदान, गोपेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ₹113.99 करोड़ की 36 योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹41.37 करोड़ की 27 योजनाओं का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पर्यटन, पशुपालन और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रदेशभर में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। चमोली धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण जनपद है और सरकार इसके सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

शिलान्यास की गई प्रमुख परियोजनाओं में जोशीमठ-नीति मार्ग पर जुग्जू में स्टील ट्रस पुल, लंगसी-द्वींग-तपोवन-लांजी-पोखनी मोटर मार्ग पर 78 मीटर लंबे लौह सेतु, कई मोटर मार्गों का निर्माण एवं विस्तार, नंदानगर क्षेत्र की 13 पर्वतीय नहरों का पुनरोद्धार, विभिन्न बाढ़ सुरक्षा योजनाएं, मॉडल राजकीय पशु चिकित्सालय नंदप्रयाग, पशु चिकित्सालय तलवाड़ी, सामुदायिक भवन, पार्किंग, विद्यालय भवन, स्टील गर्डर पुल तथा सड़क अवसंरचना से जुड़ी अनेक परियोजनाएं शामिल हैं।

वहीं लोकार्पित परियोजनाओं में गैरसैंण मुख्य मार्ग पर इंटरलॉकिंग टाइल्स, कई मोटर मार्गों का निर्माण और डामरीकरण, जिला चिकित्सालय चमोली एवं बीपीएचयू पोखरी में स्वास्थ्य भवन, विद्यालयों में पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशालाएं और आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष, गोपेश्वर स्पोर्ट्स स्टेडियम में बैडमिंटन हॉल, बैरागना ट्राउट इंडोर हैचरी, कल्पेश्वर पाथवे एवं आर्क ब्रिज, सहकारी समिति भवन तथा विभिन्न मोटर मार्गों के उन्नयन कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास परियोजनाओं के पूरा होने से चमोली में सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, पर्यटन, खेल, सिंचाई, मत्स्य पालन और अन्य आधारभूत सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News