Nirbhik Nazar

कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने मंच से की मुख्यमंत्री धामी की सराहना, विकास कार्यों की खुलकर तारीफ

गोपेश्वर। चमोली जिले के गोपेश्वर में आयोजित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के दौरान बदरीनाथ से कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि उनकी विधानसभा क्षेत्र बदरीनाथ में सबसे अधिक विकास कार्य हुए हैं, जिसके लिए वह मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बुटोला ने कहा कि अक्सर विपक्षी विधायकों के साथ भेदभाव की बातें कही जाती हैं, लेकिन उनके विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति इस धारणा को गलत साबित करती है। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ विधानसभा में लगातार विकास योजनाओं पर काम हो रहा है और इसके लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया जाना चाहिए।

हालांकि कांग्रेस विधायक ने मंच से कुछ महत्वपूर्ण मांगें भी रखीं। उन्होंने गोपेश्वर स्थित जिला चिकित्सालय को मेडिकल कॉलेज में उच्चीकृत करने की मांग करते हुए कहा कि इससे पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके साथ ही उन्होंने बदरीनाथ धाम में सामने आए कथित वित्तीय अनियमितता के मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की भी मांग की।

बुटोला ने कहा कि राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

अपने संबोधन के दौरान कांग्रेस विधायक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री के रूप में पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करने पर शुभकामनाएं भी दीं। बुटोला का यह बयान इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि कुछ समय पहले उन्होंने भाजपा सरकार को लेकर तीखी आलोचना की थी और दावा किया था कि भाजपा के कई विधायक अपनी ही सरकार से नाराज हैं। अब मुख्यमंत्री की सार्वजनिक प्रशंसा के बाद प्रदेश की राजनीतिक गलियारों में इस बयान को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News