Skip to main content

Nirbhik Nazar

कांवड़ मेला 2026 की तैयारियां तेज, ड्रोन और सीसीटीवी से होगी चौबीसों घंटे निगरानी, डीजीपी दीपम सेठ ने हाई लेवल बैठक में दिए सख्त निर्देश

देहरादून। हरिद्वार में 30 जुलाई से शुरू होने वाले कांवड़ मेला 2026 को लेकर उत्तराखंड पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को पुलिस मुख्यालय में डीजीपी दीपम सेठ की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा, यातायात, तकनीकी निगरानी और अंतरराज्यीय समन्वय को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा से जुड़े जनपदों के वरिष्ठ अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।

डीजीपी ने निर्देश दिए कि पूरे कांवड़ मेला क्षेत्र में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाए। सुरक्षा व्यवस्था के लिए एटीएस, बम निरोधक दस्ता (बीडीएस), एसटीएफ, एसडीआरएफ और अभिसूचना इकाइयों को प्रमुख स्थलों पर तैनात किया जाएगा। साथ ही साइबर कमांडो की विशेष टीम सोशल मीडिया और साइबर स्पेस पर लगातार नजर रखेगी, ताकि किसी भी अफवाह या आपत्तिजनक सामग्री पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

बैठक में संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल, महिला पुलिस कर्मियों और रैपिड रिस्पॉन्स टीम की तैनाती के निर्देश दिए गए। प्रमुख स्नान घाटों पर एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीमों को भी मुस्तैद रखने के आदेश दिए गए हैं, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।

डीजीपी ने कांवड़ यात्रा मार्ग, राष्ट्रीय राजमार्ग, वैकल्पिक मार्ग, पार्किंग स्थल, होल्डिंग एरिया और डायवर्जन को लेकर विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस योजना का व्यापक प्रचार उत्तराखंड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और अन्य सीमावर्ती राज्यों में भी किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को पहले से यातायात व्यवस्था की जानकारी मिल सके।

रेलवे क्षेत्रों में भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज और ट्रेनों में भीड़ नियंत्रण के लिए जीआरपी को सुपर जोन, जोन और सेक्टर बनाकर पुलिस बल की तैनाती करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अग्नि सुरक्षा ऑडिट, मोबाइल पेट्रोलिंग, अस्थायी पुलिस चौकियों की स्थापना और कंटीजेंसी प्लान तैयार रखने पर भी जोर दिया गया।

डीजीपी दीपम सेठ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए तथा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, अफवाह फैलाने और सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पुलिस पूरी सतर्कता, समन्वय और सेवा भावना के साथ कांवड़ मेला 2026 को सुरक्षित और सफल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News