Nirbhik Nazar

लोकपर्व हरेला पर पूरे उत्तराखंड में हरियाली का उत्सव, 10 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य, CM धामी ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

देहरादून। उत्तराखंड का लोकपर्व हरेला गुरुवार को पूरे प्रदेश में श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। प्रकृति संरक्षण और हरियाली के इस पर्व पर प्रदेशभर में 10 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य रखा गया है। वन एवं उद्यान विभाग की ओर से शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व केवल प्रकृति के प्रति हमारी आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य का संकल्प भी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक धरोहर, जैव विविधता और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम” अभियान से देशभर में वृक्षारोपण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ी है। इसी क्रम में हरेला पर्व पर प्रदेश में बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घर, गांव, विद्यालय और सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

वहीं, देहरादून नगर निगम ने मिशन पोषण संकल्प” के तहत स्वयं सहायता समूहों और पार्षदों के सहयोग से चार से पांच लाख सब्जियों के पौधों के वितरण का अभियान शुरू किया है। इसके अलावा विद्यालयों, आंगनबाड़ियों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर 70 हजार फलदार, चारा एवं अन्य प्रजातियों के पौधों का रोपण और वितरण भी किया जा रहा है। पौधों के संरक्षण के लिए उनकी जीपीएस मैपिंग और ग्रीन रजिस्टर में पंजीकरण की व्यवस्था भी की गई है।

प्रदेशभर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। हरेला पर्व के अवसर पर सामाजिक संगठनों, विद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News