Skip to main content

Nirbhik Nazar

उत्तराखंड में बनेगा देश का पहला ‘अग्निवीर सेल’, CM धामी ने किया पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों के लिए विशेष पैकेज का ऐलान

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अग्निवीरों के सम्मान और उनके भविष्य को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बनेगा, जहां सेवामुक्त अग्निवीरों के लिए विशेष अग्निवीर सेल की स्थापना की जाएगी। यह सेल अग्निवीरों को राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने और उनके पुनर्वास में सहयोग करेगा।

शुक्रवार को कुआंवाला स्थित यूथ फाउंडेशन ट्रेनिंग एरिया में आयोजित युवा अग्निवीर संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन विभाग की होमस्टे योजना के तहत पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को विशेष अनुदान दिया जाएगा। सीमांत गांवों में स्वरोजगार के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास हेतु भी विशेष सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अग्निवीरों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों को पुलिस, वन विभाग और आपदा प्रबंधन सहित राज्य की सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, अधिकतम आयु सीमा में छूट और भर्ती प्रक्रियाओं में प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। शहीद परिवारों की अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है। आश्रितों को सरकारी सेवा में समायोजन, आवेदन की समय-सीमा दो वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष करने के साथ युद्ध विधवाओं, दिव्यांग सैनिकों और पूर्व सैनिकों के सम्मानजनक अंतिम संस्कार के लिए भी आर्थिक सहायता की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं एक सैनिक के पुत्र हैं और सैनिकों के अनुशासन, त्याग एवं राष्ट्रसेवा की भावना को बचपन से देखते आए हैं। उन्होंने कहा कि अग्निवीर बनना केवल नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का सर्वोच्च अवसर है और सेना में बिताए गए चार वर्ष युवाओं के पूरे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पारदर्शी भर्ती व्यवस्था लागू कर पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हुई है और 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है।

कार्यक्रम में यूथ फाउंडेशन के संस्थापक कर्नल (सेवानिवृत्त) अजय कौठियाल, विधायक बृजभूषण गैरोला, मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) गुलाब सिंह रावत, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल सहित बड़ी संख्या में अग्निवीर, पूर्व सैनिक और युवा मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News