Skip to main content

Nirbhik Nazar

राहुल गांधी के सामने छलका रिया के पिता का दर्द, बोले— मेरी बेटी जैसा दर्द किसी और परिवार को न मिले

देहरादून। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में उस समय माहौल भावुक हो गया, जब नीट अभ्यर्थी रिया थापा के पिता राजेश मल्ल ने मंच से अपनी बेटी की कहानी सुनाई। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी ने डॉक्टर बनने का सपना देखा था, लेकिन कथित पेपर लीक की खबर के बाद वह मानसिक रूप से टूट गई।

राजेश मल्ल ने बताया कि रिया देर रात तक मेहनत से पढ़ाई करती थी और परीक्षा देकर लौटने के बाद काफी उत्साहित थी। उसे विश्वास था कि उसका चयन हो जाएगा। लेकिन कुछ दिनों बाद जब उसे पेपर लीक की जानकारी मिली, तो उसका आत्मविश्वास पूरी तरह टूट गया।

उन्होंने कहा कि रिया ने उन्हें मोबाइल पर खबर दिखाते हुए कहा था कि नीट का पेपर लीक हो गया है और मेहनत करने वाले छात्रों के साथ हमेशा ऐसा ही होता है। उस समय उन्होंने बेटी को समझाने की कोशिश की कि खबर सही नहीं भी हो सकती है, लेकिन वह लगातार परेशान रहने लगी।

राजेश मल्ल के अनुसार, दोबारा परीक्षा होने की चर्चा के बाद रिया की मानसिक स्थिति और बिगड़ गई। उन्होंने बताया कि इसी तनाव के बीच उनकी 23 वर्षीय बेटी ने आत्महत्या कर ली।

मंच से भावुक अपील करते हुए राजेश मल्ल ने राहुल गांधी से कहा कि इस मुद्दे को संसद में उठाया जाए ताकि भविष्य में किसी अन्य छात्र या परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा, जो मेरी बेटी के साथ हुआ, वह किसी और बेटी के साथ न हो। हमारी आवाज संसद तक पहुंचनी चाहिए।”

कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने परिजनों से मुलाकात कर उनकी बात सुनी और शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा युवाओं से जुड़े मुद्दों पर संवाद जारी रखा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News