Skip to main content

Nirbhik Nazar

राहुल गांधी के कार्यक्रम पर भाजपा का पलटवार, महेंद्र भट्ट बोले— छात्रों का समय बर्बाद करने वाला था कार्यक्रम

देहरादून। राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कार्यक्रम को पूर्व नियोजित और छात्रों का समय बर्बाद करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने युवाओं के मुद्दों पर कोई नया दृष्टिकोण नहीं रखा और केवल पुराने आरोपों को दोहराया।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि नीट परीक्षा में 11 लाख से अधिक छात्रों की सफलता पर उन्हें बधाई देने के बजाय राहुल गांधी ने परीक्षा प्रणाली को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस छात्रों के मुद्दों का समाधान नहीं, बल्कि विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस युवाओं के कंधों पर राजनीति कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम में पूछे गए सवाल और दिए गए जवाब पहले से तय थे। साथ ही राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विदेश दौरे से लौटने के बाद भी उन्होंने कोई नया विषय नहीं उठाया और केवल पुराने आरोपों को दोहराया।

महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस के पूर्व शासनकाल में भर्ती घोटालों का उल्लेख करते हुए कहा कि पटवारी, दरोगा, बीडीओ, तकनीकी विश्वविद्यालय और अन्य भर्तियों में अनियमितताएं कांग्रेस सरकार के समय हुई थीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान धामी सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया है और पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।

भट्ट ने कहा कि राज्य में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं। उन्होंने दावा किया कि बेरोजगारी दर में कमी आई है और सरकार युवाओं को रोजगार, उद्यमिता और नवाचार से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा उत्तराखंड के युवाओं के भविष्य से किसी भी तरह का राजनीतिक खिलवाड़ नहीं होने देगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News