देहरादून। लगातार हो रही बारिश के बीच देहरादून के कैंट थाना क्षेत्र स्थित संतला देवी मंदिर के पास नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से नदी के बीच बने टापू पर सात लोग फंस गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रविवार को सीसीआर देहरादून के माध्यम से सूचना मिली कि तेज बहाव के कारण सात लोग नदी के बीच बने टापू पर फंस गए हैं और बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। सूचना मिलते ही सहस्त्रधारा स्थित एसडीआरएफ टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर और बहाव काफी तेज था, जिससे रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण बन गया।
एसडीआरएफ ने सिविल पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर विशेष रेस्क्यू उपकरणों की मदद से नदी के बीच फंसे लोगों तक पहुंच बनाई और एक-एक कर सभी सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। समय रहते किए गए रेस्क्यू से बड़ा हादसा टल गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार सभी लोग घूमने के लिए नदी किनारे पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक जलस्तर बढ़ने से वे टापू पर फंस गए। सुरक्षित निकाले गए लोगों में मुकेश, सुशील, प्रेम कुमार, रोशन गुप्ता, राजीव, पवन सिंह और सूरज साहनी शामिल हैं। सभी देहरादून के निवासी बताए गए हैं।
एसडीआरएफ के उपनिरीक्षक राजबर राणा ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी लोगों को सुरक्षित बचा लिया। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों और जलधाराओं के आसपास जाने से बचें।
मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।