कोटद्वार। कोटद्वार में आयोजित सैनिक सम्मान समारोह के दौरान वरिष्ठ पत्रकार मनोज इष्टवाल द्वारा लिखित शोधपरक पुस्तक ‘कण्वाश्रम–भरत से भारतवर्ष‘ का भव्य विमोचन किया गया। पुस्तक का लोकार्पण विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खण्डूड़ी, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, मेयर शैलेन्द्र रावत तथा लेफ्टिनेंट जनरल जे.एस. नेगी ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने पुस्तक को भारत के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज बताया। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि यह शोध कण्वाश्रम के ऐतिहासिक महत्व को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग पुस्तक में प्रस्तुत तथ्यों के आधार पर कण्वाश्रम को वैश्विक सांस्कृतिक पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खण्डूड़ी ने कहा कि कण्वाश्रम केवल कोटद्वार या उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कण्वाश्रम के संरक्षण, विकास और ऐतिहासिक स्वरूप को पुनर्जीवित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
लेखक मनोज इष्टवाल ने वर्षों के शोध, प्राचीन ग्रंथों, पुरातात्विक साक्ष्यों और लोक परंपराओं के आधार पर इस पुस्तक का लेखन किया है। पुस्तक में कण्वाश्रम के ऐतिहासिक महत्व, चक्रवर्ती सम्राट भरत के जन्मस्थल के रूप में इसकी पहचान तथा ‘भारतवर्ष’ नाम की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का विस्तृत उल्लेख किया गया है।
समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, साहित्यकार, बुद्धिजीवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने इसे उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।